शिमला, 23 जुलाई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा के हिमाचल में पेपर लीक संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में कोई पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के समय हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग में पेपर लीक और भर्ती घोटाले सामने आए थे।
विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही भर्ती अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई करते हुए फरवरी 2023 में हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग को भंग किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए राज्य सरकार ने ‘हिमाचल प्रदेश लोक परीक्षा, अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम, 2025’ लागू किया है, जिसमें पेपर लीक के दोषियों के लिए 10 वर्ष तक की सजा और 1 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
उन्होंने भाजपा पर अपनी विफलताओं को छिपाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार को भी नीट और अन्य परीक्षा पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए तथा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।








