शिमला, 31 जुलाई।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण बंद हुई अधिकांश सड़कों को युद्धस्तर पर खोला जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 211 सड़कें बंद हुई थीं, जिनमें से 121 सड़कें शुक्रवार शाम तक तथा शेष 37 सड़कें शनिवार तक खोल दी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सड़कों की बहाली के लिए विभाग की 560 से अधिक मशीनें तैनात की गई हैं। इनमें विभाग की 119 जेसीबी, 270 किराये की जेसीबी, डोजर, टिपर तथा अन्य भारी मशीनरी शामिल है। सभी मशीनें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार काम कर रही हैं।
मंत्री ने मंडी जिले के पधर क्षेत्र में सड़क बंद होने के कारण किसानों द्वारा सब्जियां नाले में फेंकने की घटना पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने इस मामले का कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में इंजीनियर-इन-चीफ (ENC) और लोक निर्माण विभाग के सचिव को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सड़कों की बहाली की लगातार निगरानी की जाए।
उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर लगातार भूस्खलन और मलबा आने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से कुछ समय के लिए सड़कें बंद करनी पड़ती हैं, क्योंकि विभाग के कर्मचारी और मल्टीटास्क वर्कर जोखिम उठाकर कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद प्राथमिकता यही है कि सड़कें जल्द से जल्द बहाल हों।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि विभाग के ऑनलाइन डैशबोर्ड के माध्यम से पूरे प्रदेश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि हर हाल में 24 घंटे के भीतर सड़क मार्ग बहाल किए जाएं, ताकि किसानों और बागवानों की सब्जियां एवं फल खराब न हों। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद सरकार सड़क संपर्क बहाल करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।







