शिमला 5 अगस्त, प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा है कि प्रदेश को झूठ बोलकर गुमराह नहीं किया जा सकता। प्रदेश में मुख्यमंत्री बनने के जो सपने ये नेता देख रहे हैं, वे अब कभी भी पूरे होने वाले नहीं हैं। पार्टी में अपना वर्चस्व दिखाने के लिए भाजपा के नेता एक-दूसरे से आगे बढ़ने की होड़ में लगे हैं, ऐसे में प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ कौन कितना झूठ बोल सकता है, इस प्रतियोगिता में भाजपा नेताओं में होड़ लगी है।

विनोद ज़िंटा ने जयराम ठाकुर के आज के बयानों पर उन्हें आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि प्रदेश को कर्ज में डुबोने के लिए उनकी पूर्व सरकार पूरी तरह दोषी है। प्रदेश पर 70 हजार करोड़ से अधिक का ऋण व 10 हजार करोड़ से अधिक की कर्मचारियों की देनदारियों के लिए उन्हें प्रदेश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रदेश की सुक्खू सरकार पर कोई भी आरोप लगाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। अखंड भ्रष्टाचार में डूबे भाजपा के नेताओं के काले चिट्ठे सामने आ रहे हैं, जिससे बौखला कर भाजपा कांग्रेस सरकार पर झूठे आरोप लगा रही है।

विनोद ज़िंटा ने कहा है कि भाजपा प्रदेश की सुक्खू सरकार के खिलाफ जितने भी जन आंदोलन कर ले, उनसे उसे कोई भी राजनीतिक लाभ मिलने वाला नहीं है। प्रदेश के लोगों ने भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है। प्रदेश की पूर्ण बहुमत वाली कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने के असफल प्रयासों में भाजपा को उपचुनावों में जनता ने आईना दिखा दिया है। अब अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भी उसे करारी हार का सामना करना पड़ेगा।

विनोद ज़िंटा ने कहा है कि भाजपा को पहले नीट पेपर लीक, छात्रों पर हुई बर्बरता और राम मंदिर चंदा चोरी जैसे मामलों पर देश को सफाई देनी चाहिए। देश के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़, बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के लिए भी देश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा देश-प्रदेश के लोगों को अब ज्यादा दिनों तक गुमराह नहीं कर सकती।