[gtranslate]

हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान की पहल पर जाबली में जागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित

50 प्रतिशत ब्याज माफ़ी वाली OTS योजना किसानों के लिए वरदान, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक निभा रहा अहम भूमिका : संजय सिंह चौहान

किसानों की जमीन बचाने और ऋण खातों को नियमित करने की दिशा में सहकारी बैंक की OTS योजना बड़ा कदम : संजय सिंह चौहान

सुक्खू सरकार ने निभाया किसानों से किया वादा, OTS योजना के जरिए कर्ज राहत की ओर बढ़ाया बड़ा कदम : संजय सिंह चौहान

ग्राम पंचायत जाबली, विकास खंड धर्मपुर, जिला सोलन में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष श्री संजय सिंह चौहान की पहल पर जागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के किसानों एवं बागवानों को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं, कृषि एवं बागवानी गतिविधियों तथा सरकार एवं बैंक द्वारा चलाई जा रही OTS योजनाओं के बारे में जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बैंक के अध्यक्ष श्री संजय सिंह चौहान ने कहा कि किसानों और बागवानों तक बैंक की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कृषि एवं बागवानी हिमाचल प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और सहकारी बैंक किसानों-बागवानों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

संजय सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार द्वारा बजट में घोषित 50 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी वाली कृषि ऋण OTS योजना किसानों के हित में एक ऐतिहासिक एवं किसान-केंद्रित पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत पात्र किसानों के ₹3 लाख तक के कृषि ऋण पर बकाया ब्याज का 50 प्रतिशत सरकार द्वारा वहन किया जाना है तथा योजना के लिए ₹50 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह योजना उन किसानों के लिए बड़ी राहत है, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपने कृषि ऋण का भुगतान नहीं कर पाए और जिनकी भूमि नीलामी के खतरे में आ गई थी। सरकार द्वारा ब्याज का आधा भार वहन किए जाने से किसानों को अपने ऋण खातों को नियमित करने में मदद मिलेगी तथा उन्हें अपनी जमीन खोने की चिंता से राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि योजना का क्रियान्वयन हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक तथा कांगड़ा सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने पात्र किसानों से आह्वान किया कि वे अपने नजदीकी बैंक शाखा से संपर्क कर OTS योजना की पात्रता एवं अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त करें और योजना का लाभ उठाएं।

संजय सिंह चौहान ने कहा कि OTS योजना केवल किसानों को आर्थिक राहत देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन्हें दोबारा मजबूती के साथ कृषि एवं बागवानी गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों, बागवानों और ग्रामीण क्षेत्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए जा रहे फैसले इस बात का प्रमाण हैं कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक भी प्रदेश सरकार की किसान हितैषी सोच के अनुरूप कार्य करते हुए बैंक की विभिन्न योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए जागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर रहा है, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी उनके घर-द्वार के नजदीक उपलब्ध हो सके।

कार्यक्रम के दौरान नशा निवारण एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी स्थानीय लोगों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही कृषि एवं बागवानी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों तथा बैंक की ऋण योजनाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी भी साझा की गई।

कार्यक्रम में नशा निवारण बोर्ड के चेयरमैन श्री संजय भारद्वाज, APMC के चेयरमैन श्री रोशन लाल ठाकुर, सोलन से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री मनीष मन्नू भारद्वाज, बैंक के निदेशक श्री योगेंद्र वर्मा तथा ग्राम पंचायत जाबली, विकास खंड धर्मपुर की प्रधान श्रीमती नीलम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शहर चुनें