[gtranslate]

मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी से प्रदेश में खाद्य सुरक्षा निगरानी को मिल रहा बढ़ावा : जितेंद्र सांजटा

संयुक्त आयुक्त (खाद्य सुरक्षा)-सह-निदेशक, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन, हिमाचल प्रदेश जितेंद्र सांजटा, IAS ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आम जनता को खाद्य मिलावट के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभाग द्वारा पांच मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी (MFTL) वैन संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में ये मोबाइल वैन शिमला, सोलन, कुल्लू, सिरमौर और बिलासपुर जिलों में कार्यरत हैं। इन वैन के माध्यम से आम जनता, खाद्य कारोबार संचालकों तथा अन्य हितधारकों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच करवाने की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
जितेंद्र सांजटा ने बताया कि मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी में खाद्य सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मानकों की जांच की जाती है। इनमें TPC मीटर एवं एसिड वैल्यू के माध्यम से खाद्य तेल की जांच, रिफ्रैक्टोमीटर से TSS (Total Soluble Solids) एवं शुगर की जांच, आयोडीन व स्टार्च की जांच तथा पानी की pH आधारित जांच प्रमुख हैं। इन जांचों के माध्यम से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता तथा संभावित मिलावट संबंधी मामलों के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि MFTL पहल के माध्यम से प्रदेश में फील्ड स्तर पर सैंपलिंग और खाद्य पदार्थों की जांच में भी तेजी आई है। अब तक इन सुविधाओं के माध्यम से कुल 1,579 खाद्य नमूने एकत्रित किए गए हैं। इनमें बिलासपुर से 486, कुल्लू से 62, सिरमौर से 511 तथा सोलन से 520 नमूने शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि व्यापक स्तर पर की जा रही सैंपलिंग से प्रदेश में खाद्य सुरक्षा निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आम जनता में खाद्य गुणवत्ता और मिलावट के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद मिल रही है।
जितेंद्र सांजटा ने आम जनता से मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है और इस दिशा में जनता की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। विभाग का लक्ष्य “स्वस्थ हिमाचल के लिए सुरक्षित भोजन” सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि MFTL वैन का जिला-वार रोस्टर एवं जांच शिविरों का कार्यक्रम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। लोग निर्धारित तिथि और स्थान की जानकारी प्राप्त कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
खाद्य सुरक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा शिकायत के लिए जनता FSSAI हेल्पलाइन नंबर 76499-00015 पर संपर्क कर सकती है।
          ..000..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शहर चुनें