समीरपुर, 11 अक्टूबर 2026:
भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक लेफ्टिनेंट कमांडर अभिषेक पटियाल एवं सह-संयोजक कमलेश परमार ने रविवार को समीरपुर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल से उनके निवास स्थान पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पूर्व सैनिकों के कल्याण, वन रैंक वन पेंशन योजना तथा संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई।
इस अवसर पर प्रदेश संयोजक लेफ्टिनेंट कमांडर अभिषेक पटियाल ने कहा कि पूर्व सैनिकों की सबसे बड़ी मांग वन रैंक वन पेंशन को सबसे पहले लोकसभा में प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने उठाया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने इस मांग को स्वीकार करते हुए लाखों पूर्व सैनिकों को बड़ी राहत प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैनिकों के सम्मान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। सैनिकों के प्रति केंद्र सरकार का सम्मान, समर्पण और प्रतिबद्धता अभूतपूर्व है।
प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न केवल वन रैंक वन पेंशन योजना को लागू किया, बल्कि सैनिकों के साथ दीपावली मनाकर यह संदेश भी दिया कि पूरा देश अपने सैनिकों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था, जब सैनिकों की बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति तक नहीं हो पाती थी, लेकिन आज भारतीय सेना आधुनिक हथियारों और अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित है। सेना देश की रीढ़ है और देशवासी सैनिकों के कारण ही चैन की नींद सो पाते हैं।
प्रो. धूमल ने कहा कि भाजपा का पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ पार्टी के सबसे अनुशासित प्रकोष्ठों में से एक है। पूर्व सैनिकों ने देश की सेवा में अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है। उनका अनुभव और सेवाभाव पार्टी की नीतियों तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग दें, ताकि संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।









