[gtranslate]

यूपी के स्थानीय उत्पादों को देशभर के बाजारों तक पहुंचाएगा ‘शिल्पित’, लघु उद्योग निगम की नई पहल Amazon, Flipkart, Blinkit और Zepto पर भी होगी बिक्री; उद्यमियों को एक सप्ताह में भुगतान और न बिके स्टॉक की वापसी की सुविधा

 

लखनऊ, 27 अक्टूबर 2026।

उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम ने ‘शिल्पित’ नाम से एक नई विपणन योजना प्रस्तावित की है। सोमवार को होटल ताज महल, लखनऊ में निगम के अध्यक्ष श्री राकेश गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित 269वीं निदेशक मंडल की बैठक एवं वार्षिक आमसभा (AGM) में योजना को सैद्धांतिक सहमति प्रदान की गई। निदेशक मंडल ने इसके व्यापक प्रचार-प्रसार और आगे की कार्यवाही के निर्देश भी दिए।

योजना के तहत एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) एवं एक जनपद एक व्यंजन (ODOC) के उत्पादों को रिटेल स्टोर, ऑनलाइन स्टोर, ई-कॉमर्स वेबसाइट Amazon और Flipkart तथा क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Blinkit और Zepto के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। निगम अपने एमएसएमई उत्पादों के विपणन संबंधी अनुभव का उपयोग करते हुए स्थानीय उत्पादों की पहुंच बढ़ाएगा। इससे उद्यमियों को नए व्यावसायिक अवसर मिलने के साथ निगम के लिए भी आय का नया स्रोत विकसित होगा।

दो रिटेल स्टोर से होगी शुरुआत

‘शिल्पित’ योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। पहले चरण में दो रिटेल स्टोर के माध्यम से उत्पादों की बिक्री शुरू की जाएगी। उत्पादों के भंडारण एवं आपूर्ति के लिए प्रथम चरण में लखनऊ और कानपुर तथा अगले चरण में आगरा और मुरादाबाद में वेयरहाउस स्थापित करने की योजना है।

शुरुआती स्टोरों से मिलने वाले अनुभव और बिक्री के आंकड़ों के आधार पर ऑनलाइन एवं ऑफलाइन नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। बिक्री की मात्रा के अनुसार नए स्टोर और वेयरहाउस का चयन करने के साथ उत्पादों की कैटलॉगिंग, इन्वेंटरी और स्टॉक का निर्धारण किया जाएगा। भविष्य में ‘शिल्पित’ ब्रांड के स्टोर निगम द्वारा संचालित करने के अलावा फ्रैंचाइजी मॉडल पर निजी ऑपरेटरों को भी दिए जा सकेंगे। इन स्टोरों को निगम के वेयरहाउस से उत्पादों की आपूर्ति की जाएगी।

उद्यमियों के हितों को प्राथमिकता

योजना की प्रमुख विशेषता यह है कि निगम उद्यमियों को एक सप्ताह के भीतर भुगतान करेगा। बिक्री नहीं हो पाने वाले स्टॉक को वापस करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे छोटे उद्यमियों को बाजार तक पहुंच बनाने, बिक्री बढ़ाने और भुगतान संबंधी चुनौतियों को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

बैठक में निगम के उपाध्यक्ष नटवर गोयल, निदेशक शिशिर (महामहिम राज्यपाल के प्रतिनिधि), प्रबंध निदेशक रोहित आनंद, निदेशक राजीव कुमार श्रीवास्तव, अनिल सिंह और यज्ञेश सिंह उपस्थित रहे। निगम की ओर से वित्त नियंत्रक
पवन कुमार, मुख्य अभियंता प्रभात कुमार बाजपेयी, प्रभारी सचिव
ए.के. अवस्थी,
आकाश सक्सेना (CA), कवलप्रीत सिंह (CS), श्री अभिषेक सिंह और EY के कंसल्टेंट आदित्य तिवारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

‘शिल्पित’ योजना के माध्यम से निगम का लक्ष्य प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को आधुनिक विपणन व्यवस्था से जोड़कर उद्यमियों के लिए नए अवसर सृजित करना और उनकी बाजार में पहुंच को मजबूत बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिमला में जल संरक्षण के लिए एसजेपीएन और रोटरी क्लब आए साथ सामुदायिक भागीदारी से संवरेंगे प्राकृतिक जलस्रोत स्कूलों में जागरूकता अभियान, सूखते चश्मों का पुनर्जीवन और वर्षा जल संग्रहण को मिलेगा बढ़ावा

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा की तैयारियों को लेकर भोरंज विधानसभा क्षेत्र में बैठक आयोजित 4 नवंबर को हमीरपुर में होने वाली पदयात्रा के लिए कार्यकर्ताओं को सौंपे गए लक्ष्य, रूट प्लान और पार्किंग व्यवस्था पर भी बनी रणनीति

शहर चुनें