हमीरपुर, 27 अक्टूबर 2026:
राजाराम युवा क्लब हमीरपुर द्वारा करवा चौथ के पावन अवसर पर गांधी चौक में आयोजित तीन दिवसीय मेहंदी उत्सव का शुभारंभ ओलंपियन दिव्या शर्मा ने किया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष एवं भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र अत्री विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विशाल शर्मा ने की।
इस अवसर पर नरेंद्र अत्री ने कहा कि राजाराम युवा क्लब की यह पहल भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय प्रयास है। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि करवा चौथ पर मेहंदी का विशेष महत्व है। इस उत्सव के माध्यम से महिलाओं को उचित शुल्क पर मेहंदी लगवाने की सुविधा मिलेगी, वहीं स्थानीय प्रशिक्षित युवतियों को अपनी कला प्रदर्शित करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी प्राप्त होगा।
राजाराम युवा क्लब के अध्यक्ष दीक्षित गौतम ने बताया कि उत्सव के दौरान गांधी चौक पर लगभग 80 स्थानीय प्रशिक्षित युवतियां निर्धारित स्थानों पर महिलाओं को सामान्य शुल्क पर मेहंदी लगाने के लिए उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने लोगों से उत्सव में भाग लेकर स्थानीय युवतियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की अपील की।
कार्यक्रम में विजयपाल सोहारू सहित क्लब के सदस्य दीक्षित गौतम, मानिक, विशाल और कपिल शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।










