महाराष्ट्र के कोल्हापुर में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 19 वर्षीय समर चव्हाण ने अपने चचेरे चाचा उमेश के घर से 15 तोले सोने के जेवर चुरा लिए।
गहनों को 10 लाख रुपये में सुनार को बेचकर उसने नई महिंद्रा थार खरीद ली। हद तब हुई जब समर ने इसी कार की पूजा में चाचा को ही बुला लिया। पूजा में जाने के लिए चाचा ने अलमारी खोली तो गहने गायब थे। दादी के जेवर सुरक्षित देख उन्हें किसी करीबी पर पक्का शक हो गया।
उमेश की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। अचानक महंगी कार खरीदने वाले समर से जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। कोडोली पुलिस ने आरोपी भतीजे और सोना खरीदने वाले सुनार दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।










