बैजनाथ: युवा गणेश मंडल के तत्वावधान में आयोजित प्रसिद्ध बैजनाथ-पपरोला गणेश महोत्सव की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच धूमधाम से संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सरदार जसविंदर जी ने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की भव्य वंदना से हुई। शर्मा बैंड हमीरपुर की सुरीली धुनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान भगवान राम और शिव गंगा की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं और दर्शकों का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक संध्या में सुप्रसिद्ध गायक राकेश उपाध्याय बैजनाथ ने ‘मंदिर बैजनाथ दा’ भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को शिव-गणेश की भक्ति में सराबोर कर दिया। इसके बाद प्रख्यात गायिका राधा मुस्कान ने अपना लोकप्रिय भजन प्रस्तुत कर महिला श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
वहीं, कलाकार जोनी ठाकुर ने ‘चिमटे दी झनकार’ भजन से माहौल में जोश भर दिया। उनकी प्रस्तुति पर युवा और श्रद्धालु झूमते नजर आए।
पांचवीं सांस्कृतिक संध्या में बैजनाथ और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पूरा पंडाल ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंजता रहा और देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा।









