दून विधान सभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में पहुंचे जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर साधा निशाना
कहा- चुनाव रोकने के लिए सरकार ने किए हरसंभव प्रयास, भाजपा ने सर्वोच्च न्यायालय तक लड़ी लोकतंत्र की लड़ाई
सोलन: बीबीएन- दून विधानसभा क्षेत्र के पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के सम्मान में बद्दी में आयोजित समारोह में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव रोकने के लिए हरसंभव षड्यंत्र किए, लेकिन भाजपा ने जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक मजबूती से लड़ी और सरकार को चुनाव करवाने के लिए विवश होना पड़ा। उन्होंने कहा कि आज जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों का सम्मान लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अपने क्षेत्रों के विकास और जनता की सेवा को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आग्रह किया। सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उन्होंने कहा कि आज जनता के आशीर्वाद से चुने गए इन प्रतिनिधियों का सम्मान लोकतंत्र की जीत, जनभावनाओं की विजय और मुख्यमंत्री के तानाशाही की हार का प्रतीक है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में आज मंत्रिमंडल नहीं, मित्र मंडल फैसले ले रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की इसी कार्यशैली का असर प्रदेश की व्यवस्था पर दिखाई दे रहा है और उद्योग नगरी बद्दी में अराजकता की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि बद्दी-दून जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, विकास और उद्योगों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए, लेकिन सरकार इन विषयों पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय अपने मित्रों को खुश करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘हिमाचल ऑन सेल’ की मुहिम चल रही है और प्रदेश के हितों के साथ लगातार समझौते किए जा रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अब समय है कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता और पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रतिनिधि, सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी एकजुट होकर जनता के बीच जाएं और सुक्खू सरकार की नाकामियों को प्रदेशवासियों के सामने रखें। प्रदेश के हितों की रक्षा और जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ भाजपा मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि एकजुट होकर काम करें और आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश में भाजपा की ऐतिहासिक विजय के लिए पूरी ताकत के साथ कार्य करें।









