शिमला 30 अक्तूबर, 2026
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज शिमला जिला के रामपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया और रामपुर के जगुनी में विभिन्न सड़कों एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इसके उपरांत उन्होंने रामपुर के लवी मैदान में स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की स्मृति में आयोजित बुशहर प्रीमियर लीग के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इसके अतिरिक्त उन्होंने बुशहर वॉलीबॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित अखिल भारतीय आमंत्रित वॉलीबॉल प्रतियोगिता के आयोजन के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
लोक निर्माण मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी के सहयोग और समर्थन से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र में सामाजिक समस्याओं के समाधान, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अनेक चुनौतियों और समस्याओं के बावजूद सरकार क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सभी के सहयोग एवं आशीर्वाद से प्रत्येक क्षेत्र में समानता के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के योगदान को किया याद
उन्होंने कहा कि रामपुर क्षेत्र के अभूतपूर्व विकास में स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनकी स्मृति में आयोजित खेल प्रतियोगिता उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाते हुए उनमें और तेजी लाई जाएगी। उन्होंने आगामी दिनों में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को भव्य तरीके से मनाने की बात भी कही।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि वह आगामी तीन-चार दिनों में रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा कर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान क्षेत्र की समस्याओं का समाधान और विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा कर उन्हें गति प्रदान करने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से क्षेत्र की सड़कों के रखरखाव और मरम्मत को प्राथमिकता दी जा रही है। कुछ स्थानों पर सड़कों की मरम्मत की आवश्यकता है और हाल ही में हुई सड़क दुर्घटनाएं भी चिंता का विषय हैं। उन्होंने स्वयं क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है।
उन्होंने कहा कि रामपुर में बसों की उपलब्धता और बेहतर बस रूटों की लंबे समय से मांग रही है। इस संबंध में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से भी चर्चा की गई है और भविष्य में क्षेत्र को बेहतर बस सेवाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बसों के टायरों की कमी का मुद्दा भी मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू तथा संबंधित उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाकर जल्द समाधान सुनिश्चित करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और परिवहन सुविधाओं में सुधार के साथ बेहतर गुणवत्ता वाली बसें उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता रहे
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने हाल ही में शोघी के समीप शिमला पुलिस द्वारा चिट्टे की बड़ी खेप पकड़े जाने का उल्लेख करते हुए चिंता जताई कि इसकी सप्लाई ननखड़ी क्षेत्र की ओर जा रही थी।
उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक या सामाजिक संरक्षण नहीं दिया जाएगा। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और स्थानीय लोगों से नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी पुलिस एवं प्रशासन को देने तथा इस सामाजिक बुराई के विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि रामपुर, ननखड़ी, आनी और आउटर सिराज सहित पूरे क्षेत्र को नशामुक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और सकारात्मक दिशा में अपनी ऊर्जा का उपयोग करने का आह्वान किया।
युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के लिए दो लाख देने की घोषणा
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के अनेक युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर न केवल रामपुर बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। युवाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और प्रोत्साहन मिलना आवश्यक है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, स्थानीय लोगों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी संस्था की ओर से युवाओं के प्रोत्साहन एवं खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बुशहर स्वास्तिक फाउंडेशन को दो लाख रुपये देने की घोषणा की।लोक निर्माण मंत्री ने कुछ समय पहले रामपुर में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले श्याम लाल व वंश के परिवार जनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को भी सुना और प्राप्त हुई सभी उचित मांगों को चरणबद्ध ढंग से पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
विजेता टीम को 06 लाख और उप विजेता को 03 लाख रुपये की राशि
बुशहर प्रीमियर लीग में कुल 12 टीमों ने भाग लिया और फाइनल मुकाबला कंचन वैली सुंगरी बहाली व गोल्डन स्पेयरो ननखड़ी के मध्य खेल गया जिसे गोल्डन स्पेयरो ननखड़ी ने अपने नाम किया और विजेता का खिताब हासिल किया। विजेता रही टीम को 06 लाख व उप विजेता को 03 लाख रुपए की इनाम राशि प्रदान की गई इस अवसर पर पंचायत समिति अध्यक्षा पूजा डोगरा, जिला परिषद सदस्य अनु, पंचायत समिति सदस्य कमलेश डाँटा, ग्राम पंचायत प्रधान डंसा पदमा, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, पूर्व अध्यक्ष कैलाश फेडरेशन बृज लाल, पंचायत जन प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।










