बैजनाथ (कांगड़ा)। देवभूमि हिमाचल के बैजनाथ में इन दिनों गणपति बप्पा की भक्ति का रंग चढ़ा हुआ है। गणेश युवा मंडल बैजनाथ की ओर से आयोजित 10 दिवसीय ‘शिव बाग चा राजा’ गणेश महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। 16 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह उत्सव अब बैजनाथ की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बन चुका है।
करीब 16 वर्ष पहले कुछ युवाओं ने एक छोटे से स्कूल के कमरे में सीमित संसाधनों के साथ गणेश प्रतिमा स्थापित कर इस परंपरा की शुरुआत की थी। स्थानीय लोगों की आस्था, व्यापारियों के सहयोग और युवाओं की मेहनत ने इस छोटी सी पहल को आज भव्य महोत्सव का रूप दे दिया है।
महोत्सव में विशेष रूप से मुंबई से लाई गई भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं प्रसिद्ध कलाकार रामू राजस्थानी द्वारा तैयार की जाने वाली धार्मिक एवं कलात्मक झांकियां महोत्सव की भव्यता में चार चांद लगा रही हैं। दस दिनों तक भजन-कीर्तन, धार्मिक कार्यक्रमों और सांस्कृतिक संध्याओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण मिल रहा है।
आयोजकों के अनुसार इस महोत्सव की सफलता के पीछे बैजनाथ के व्यापारियों, दुकानदारों, स्थानीय परिवारों और उन गुमनाम सेवादारों का महत्वपूर्ण योगदान है, जो बिना किसी प्रचार की इच्छा के पर्दे के पीछे रहकर निस्वार्थ भाव से सेवा करते हैं।
गणेश युवा मंडल के प्रधान राजेश शर्मा के नेतृत्व में विराज सूद, पंकज शर्मा, सनी कपूर, रंजल सग्गी, सचिन अवस्थी, अंकुश गौड़, व्योमेश नंदा, शिवम गौड़, सक्षम पांडव, साहिल गौड़, अंशुल मेहरा, नमन पांडव, महेश, सुदन दीक्षित, प्रज्वल शर्मा और अभिषेक बेरी सहित पूरी टीम व्यवस्थाओं में जुटी हुई है।
आयोजन समिति ने बैजनाथ व आसपास के श्रद्धालुओं से महोत्सव में पहुंचकर ‘शिव बाग चा राजा’ के दर्शन करने और गणपति उत्सव की भक्ति में शामिल होने का आह्वान किया है।









