सुलह विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए योजनाओं में तेजी लाने पर जोर
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान ने नाबार्ड क्षेत्रीय कार्यालय, शिमला में मुख्य महाप्रबंधक डॉ. विवेक पठानिया से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सुलह विधानसभा क्षेत्र में नाबार्ड के सहयोग से संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विशेष रूप से जल शक्ति विभाग तथा लोक निर्माण विभाग की नाबार्ड सहायता प्राप्त परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही नई विकास योजनाओं को स्वीकृति दिलाने, उनके शीघ्र क्रियान्वयन तथा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
संजय सिंह चौहान ने सुलह विधानसभा क्षेत्र की पेयजल योजनाओं, ग्रामीण संपर्क सड़कों, पुलों, सिंचाई परियोजनाओं तथा अन्य जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान करने और उनमें तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सुलह विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए नाबार्ड की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा विभिन्न विभागों के माध्यम से अधिकाधिक विकास परियोजनाएं क्षेत्र में लाई जानी चाहिए।
संजय सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नाबार्ड के सहयोग से संचालित योजनाएं ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं और इनके माध्यम से सड़क, पेयजल, सिंचाई तथा अन्य आवश्यक अधोसंरचना संबंधी परियोजनाओं को नई गति मिलेगी, जिससे आम लोगों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।
मुख्य महाप्रबंधक डॉ. विवेक पठानिया ने आश्वस्त किया कि नाबार्ड प्रदेश सरकार एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जनहित से जुड़ी विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक सहयोग देता रहेगा। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में सुलह विधानसभा क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए भविष्य की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता देने तथा जनहित के कार्यों को गति प्रदान करने पर दोनों पक्षों ने सहमति व्यक्त की।







