शिमला–किन्नौर की कनेक्टिविटी होगी और मजबूत, ₹48,000 करोड़ के राष्ट्रीय राजमार्ग विकास कार्यों से बदलेगी हिमाचल की तस्वीर : हर्ष महाजन
शिमला
भाजपा के राज्यसभा सांसद तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति के सदस्य हर्ष महाजन ने कहा कि माननीय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने शिमला–रामपुर सड़क को फोर-लेन (चार लेन) के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इस परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा तैयार की जाएगी, जिसमें फोर-लेन निर्माण, सुरंगों (टनलों) का निर्माण, पहाड़ी सुरक्षा, ढलानों की स्थिरता तथा भूस्खलन-रोधी उपायों का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
हर्ष महाजन ने बताया कि इस परियोजना के लिए लगभग ₹73 करोड़ की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। इसके अंतर्गत प्रारंभिक कार्यों की निविदा प्रक्रिया लगभग पूर्ण हो चुकी है। साथ ही, NHAI द्वारा इस मार्ग के रख-रखाव एवं मरम्मत का कार्य भी किया जाएगा, जबकि DPR के अनुमोदन के बाद व्यापक फोर-लेन निर्माण कार्यों को गति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल शिमला और किन्नौर जिलों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। सड़क के उन्नयन से स्थानीय लोगों की अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलेगा। रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, कृषि एवं बागवानी उत्पादों की बेहतर आवाजाही सुनिश्चित होगी तथा छोटे व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क सुविधाओं से व्यापार, परिवहन और पर्यटन को नई गति मिलेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर आय में वृद्धि होगी। साथ ही, यह परियोजना ‘जीरो एक्सीडेंट’ के लक्ष्य की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम होगी।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके विकसित होने से पूरे क्षेत्र में पर्यटन को नई दिशा मिलेगी तथा हिमाचल प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक पर्यटकों की पहुंच अधिक सुगम और सुरक्षित होगी।
हर्ष महाजन ने भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं एवं प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए निरंतर ऐतिहासिक निर्णय ले रही है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में लगभग ₹48,000 करोड़ की लागत से राष्ट्रीय राजमार्गों के अभूतपूर्व कार्य प्रगति पर हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में सड़कों के क्षेत्र में इतिहास का सबसे बड़ा निवेश हो रहा है, जो केंद्र सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सड़कों के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी केंद्र सरकार निरंतर निवेश कर रही है।
हर्ष महाजन ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में जब प्रदेश में डबल इंजन की सरकार और अधिक सशक्त रूप में कार्य करेगी, तब विकास की गति और तेज होगी तथा हिमाचल प्रदेश नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।







