गाजियाबाद
गाजियाबाद से देर शाम बदमाशों एवं पुलिस के बीच जबरदस्त गोलीबारी होने की घटना सामने आई है। गाजियाबाद के निवाड़ी थाना क्षेत्र में बावरिया गिरोह के बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी मारा गया। एडीसीपी (क्राइम) के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम के साथ हुई मुठभेड़ में 3 पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाश और पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डाक्टरों ने बदमाश टिड्डी को मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान गोलीबारी के बीच अंधेरे का फायदा उठाकर 2 बदमाश मौके से फरार हो गए। बावरिया गिरोह के कुख्यात बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी की गिरफ्तारी के लिए गाजियाबाद पुलिस की ओर से 50 हजार रुपये और मेरठ पुलिस की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। दोनों जिलों की पुलिस को उसकी लंबे अरसे से तलाश थी।










