शिमला 5 अगस्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा है कि उन्हें देश में नीट पेपर लीक, जंतर मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज और राम मंदिर चंदा चोरी जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर जन आंदोलन करना चाहिए, न कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ। उन्होंने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि असल में भाजपा अपने ऊपर लगे गंभीर आरोपों से जनता का ध्यान भटकाने का असफल प्रयास कर रही है।

विनय कुमार ने भाजपा द्वारा आज प्रदेश सरकार के खिलाफ शुरू किए गए जन आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा के पास प्रदेश सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के ये नेता वास्तव में प्रदेश हितैषी नहीं हैं। आरडीजी बंद करवाकर भाजपा ने प्रदेश का जो नुकसान किया है, आने वाले समय में उसे इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी तरह कायम है और इसमें किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ बोलकर प्रदेश की जनता को गुमराह नहीं कर सकती। भाजपा का दोहरा चरित्र अब प्रदेश के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सहायता को लेकर रोड़े अटकाना भाजपा की आदत बन चुकी है। दो साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आपदा राहत के लिए प्रदेश को 1500 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई थी, जो आज तक पूरी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।