शिमला: एसजेवीएन के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) तथा वर्तमान में हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (Haryana Electricity Regulatory Commission) के अध्यक्ष नंद लाल शर्मा का बीती रात निधन हो गया। उनके निधन से ऊर्जा क्षेत्र, विशेषकर हिमाचल प्रदेश और एसजेवीएन परिवार में शोक की लहर है।
नंद लाल शर्मा ने वर्ष 2017 से 2024 तक एसजेवीएन के सीएमडी के रूप में कार्य करते हुए कंपनी को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उनके नेतृत्व में एसजेवीएन ने जलविद्युत के साथ-साथ सौर, पवन, तापीय ऊर्जा, ट्रांसमिशन तथा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय विस्तार किया और देश की अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र की ऊर्जा कंपनियों में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा से अपने करियर की शुरुआत करने वाले नंद लाल शर्मा ने 2008 में एसजेवीएन में कार्यभार संभाला और बाद में निदेशक (कार्मिक) तथा सीएमडी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए संगठन को नई दिशा दी। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
उनके निधन पर ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक दूरदर्शी प्रशासक, कुशल प्रबंधक और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में श्रद्धांजलि अर्पित की।







