शिमला, 24 जुलाई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र की मोदी सरकार पर नीट पेपर लीक मामले में लीपापोती करने और छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है।
राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों और देशहित में किसी ठोस निर्णय की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने केवल नीट मामले की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की बात की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने आंदोलन में घायल छात्रों और पुलिस कार्रवाई पर कोई संवेदना व्यक्त नहीं की।
राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री को संसद में पेपर लीक मामले पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए था। उनका आरोप था कि सरकार की चुप्पी से परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और युवाओं का भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पार्टी सांसद छात्रों की आवाज मजबूती से उठा रहे हैं तथा कांग्रेस आंदोलनरत युवाओं के साथ खड़ी है। उनके अनुसार यह राजनीतिक नहीं, बल्कि देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है।
राठौर ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पद से हटाने, जंतर-मंतर पर पुलिस कार्रवाई के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज सभी मामले वापस लेने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए संसद में सभी दलों की सहमति से कड़ा कानून बनाया जाए और ऐसे मामलों में जवाबदेही भी सुनिश्चित की








