शिमला, 26 जुलाई
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि नीट पेपर लीक मामले के सभी गुनहगारों के नाम जल्द सार्वजनिक किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद मामला समाप्त नहीं हो जाता और इस प्रकरण के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, जिसमें उन्होंने कांग्रेस के कैंडल मार्च पर सवाल उठाए थे। विनय कुमार ने कहा कि छात्र आंदोलन के बाद भाजपा बैकफुट पर है और केंद्र सरकार के बचाव का असफल प्रयास कर रही है।
विनय कुमार ने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के समय हमीरपुर कर्मचारी चयन बोर्ड में भर्ती माफिया सक्रिय था और खुले तौर पर पेपर बेचे गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही जांच कर बोर्ड को भंग किया और दोषियों को जेल भेजा।
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में न तो कोई भर्ती माफिया सक्रिय है और न ही किसी परीक्षा का पेपर लीक हुआ है।







