कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों के साथ-साथ TRAI में पंजीकृत उपभोक्ता संगठनों के सदस्यों तथा विभिन्न दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में साइबर हाइजीन (साइबर स्वच्छता) पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, संदिग्ध संचार और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के संबंध में आवश्यक सावधानियों के बारे में जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, TRAI DND (Do Not Disturb) और TRAI MySpeed ऐप की उपयोगिता एवं प्रमुख विशेषताओं के बारे में भी प्रतिभागियों को जानकारी दी गई। उन्हें अनचाहे व्यावसायिक संचार (Unsolicited Commercial Communications) से बचाव तथा इसकी शिकायत के लिए उपलब्ध डिजिटल माध्यमों के बारे में अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान कई प्रतिभागियों ने TRAI DND ऐप डाउनलोड किया। यह अनचाहे व्यावसायिक संचार के विरुद्ध सक्रिय कदम उठाने और डिजिटल उपभोक्ता जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में प्रतिभागियों की सकारात्मक भागीदारी को दर्शाता है।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार डिजिटल उपभोक्ता बनने के लिए प्रेरित किया गया तथा दूरसंचार एवं प्रसारण सेवाओं का उपयोग करते समय अपने अधिकारों और उपलब्ध शिकायत निवारण तंत्र के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।








