अनिरुद्ध सिंह ने की गुम्मा मेला के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने आज शिमला के कसुम्पटी विधानसभा के गुम्मा विकास खंड में आयोजित दो दिवसीय गुम्मा मेला के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुनकर सभी जायज मांगों को चरणबद्ध ढंग से पूर्ण करने का आश्वासन दिया। आयोजित दो दिवसीय मेले में वॉलीबॉल की 18 और कबड्डी की 12 टीमों ने भाग लिया।
ग्रामीण विकास मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक कार्यों पर लगभग 800 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं। क्षेत्र के प्रत्येक गांव और घर को सड़क सुविधा से जोड़ना उनकी प्रथम प्राथमिकता है तथा जिन गांवों में भूमि संबंधी समस्याओं के कारण सड़क निर्माण कार्य लंबित हैं, वहां ग्रामीण आपसी सहमति से भूमि उपलब्ध करवाने के लिए आगे आएं, ताकि उन गांवों तक भी सड़क सुविधा पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सामुदायिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुम्मा में सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए शीघ्र टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों को विवाह एवं अन्य सामाजिक समारोहों के आयोजन के लिए उचित स्थान उपलब्ध हो सके।
अनिरुद्ध सिंह ने दूसरे प्रस्तावित ग्राउंड के लिए भी वन अधिकार अधिनियम (FRA) के तहत ग्रामीण सामुदायिक केंद्र के नाम से आवश्यक दस्तावेज शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत वहां खेल मैदान विकसित करने तथा युवक मंडल के लिए भवन का निर्माण करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुए पुल के मरम्मत कार्य के लिए संबंधित विभाग को शीघ्र एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाकर मरम्मत कार्य करवाया जा सके।
पंचायती राज मंत्री ने कौशल राम के गांव के लिए सड़क निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि संबंधित ग्रामीण निजी भूमि उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक सहमति प्रदान करें, ताकि सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि जिन सड़कों के एफआरए संबंधी दस्तावेज प्राप्त हो चुके हैं, उनके एस्टीमेट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाए तथा वन स्वीकृति मिलते ही आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों तथा वन एवं लोक निर्माण विभाग के समन्वय से अनेक एफआरए मामलों को स्वीकृति दिलवाकर विकास कार्यों का मार्ग प्रशस्त किया गया है। अब केवल उन्हीं गांवों में सड़क सुविधा पहुंचाने में कठिनाई आ रही है, जहां भूमि संबंधी समस्याएं हैं। उन्होंने ग्रामीणों से भूमि विवादों का आपसी समन्वय से समाधान कर विकास कार्यों में सहयोग देने का आग्रह किया।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर उन्होंने कहा कि मशोबरा और बसंतपुर अस्पताल के उन्नयन संबंधी मांगों पर निर्धारित मानकों का अध्ययन किया जाएगा। इसके उपरांत इस विषय को मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाया जाएगा, ताकि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
उन्होंने पेयजल समस्या के समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व में सड़क निर्माण के दौरान संबंधित लोगों द्वारा पेयजल उपलब्ध करवाने की सहमति दी गई थी। ऐसे में इस संबंध में आपसी समन्वय से समस्या का समाधान किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक पेयजल योजना अथवा अन्य उपयुक्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने इस अवसर पर मेला समिति को 20 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। इसके अतिरिक्त उन्होंने संबंधित विभाग को भवन में आवश्यक टाइल्स लगाने तथा अन्य सुधार कार्य करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने भवन में करवाए गए रंग-रोगन एवं अन्य कार्यों की सराहना करते हुए शेष आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाने को कहा। इसके अतिरिक्त उन्होंने देवता महाराज से क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पंचायत समिति अध्यक्ष तारा चंद, जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश, प्रधान ग्राम पंचायत गुम्मा मीरा देवी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।










