शिमला, 25 अगस्त। शिमला जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण संगठन को मजबूत करने के लिए सहकारिता क्षेत्र में कांग्रेस विचारधारा को आगे बढ़ाने हेतु सहकार सारथी, पार्टी प्रशिक्षण के लिए विचार प्रभारी तथा प्रदेश सरकार की नीतियों और विकास कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार के लिए विचार प्रमुख नियुक्त करेगी। इसके अलावा मीडिया संवाद के लिए प्रवक्ता एवं मीडिया पैनलिस्ट भी नियुक्त किए जाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के कार्यकर्ताओं की बैठक की अध्यक्षता करते हुए हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि संगठन के विस्तार और मजबूती में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। संगठन को समय देने वाले कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
हिमराल ने कहा कि शिमला ग्रामीण में कांग्रेस मजबूत है और जुब्बल, कुसुम्पटी, शिमला ग्रामीण, ठियोग, रामपुर और रोहड़ू के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में पार्टी को मजबूती मिल रही है। उन्होंने चौपाल विधानसभा क्षेत्र में भी संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने कार्यकर्ताओं से संगठन के दिशानिर्देशों और अनुशासन का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि पदाधिकारियों को संगठन की ओर से परिचय पत्र और आई-कार्ड भी दिए जाएंगे।
जिंटा ने कहा कि जिला, ब्लॉक, जोन, पंचायत और बूथ स्तर पर पार्टी की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी तथा मुख्यमंत्री, मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं का कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद सुनिश्चित किया जा रहा है।









